मां भारती विद्या मंदिर स्कूल में देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
जोधपुर: नयापुरा स्थित मां भारती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 80वें स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में स्कूल के नन्हे-मुन्ने और युवा छात्रों ने अपनी विलक्षण प्रतिभा, अनुशासन और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन कर उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों व अभिभावकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के दौरान खेलकूद और आत्मरक्षा की दिशा में बच्चों के साहसिक प्रदर्शन मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। कक्षा 7 के प्रतिभाशाली छात्र धैर्य शर्मा ने स्केटिंग में बेहतरीन संतुलन और हैरतअंगेज स्टंट्स का प्रदर्शन किया। धैर्य ने अपने साक्षात्कार में साझा किया कि स्केटिंग उनका बचपन का सपना और पसंदीदा जुनून है, जिसे वे आगे भी बड़े स्तर पर जारी रखना चाहते हैं। वहीं कक्षा 6 (अंग्रेजी माध्यम) की छात्रा भव्या शर्मा ने बॉक्सिंग और आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों, पंच और किक का शानदार लाइव प्रदर्शन करते हुए यह संदेश दिया कि आज के समय में हर बच्चे के लिए आत्मरक्षा का ज्ञान कितना आवश्यक है। समारोह में उपस्थित खेल प्रशिक्षकों और शिक्षकों ने बच्चों की प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना की। स्केटिंग कोच ने धैर्य की लगन और कड़ी मेहनत की तारीफ करते हुए उनके राष्ट्रीय स्तर पर खेलने और देश का नाम रोशन करने की कामना की। वहीं पीटीआई रघुदयाल ने बताया कि विद्यालय में बच्चों को नियमित रूप से मार्शल आर्ट्स और बॉक्सिंग का प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि उनका शारीरिक व मानसिक विकास हो सके और उनका भविष्य उज्ज्वल बने। संस्था के शिक्षकों और अभिभावकों ने भी बच्चों को निरंतर आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। —रिपोर्ट: निखिल सैनी, सहयोगी चंद्रा दधीचि (जोधपुर, राज०)