प्यारेलाल अस्पताल में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के खिलाफ सीएमओ को सौंपा ज्ञापन, जांच और कार्रवाई का आश्वासन
मेरठ: दिल्ली क्राइम व भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा और अपना दल (एस) की टीम ने संयुक्त रूप से मेरठ के नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राम प्रसाद जी से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान टीम के सदस्यों ने नए सीएमओ साहब को 'दिल्ली क्राइम व भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा' समाचार पत्र की प्रति भेंट कर उनका स्वागत किया और क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। इसके तुरंत बाद, अपना दल (एस) के दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष श्री फौलाद कुरैशी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने सीएमओ को एक शिकायती ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मेरठ के प्रसिद्ध प्यारेलाल अस्पताल में डॉक्टरों और स्टाफ द्वारा खुलेआम की जा रही रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पदाधिकारियों ने अवगत कराया कि अस्पताल में आने वाले गरीब मरीजों से इलाज के नाम पर अवैध वसूली का धंधा चल रहा है, जिससे आम जनता परेशान है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी राम प्रसाद जी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्यारेलाल अस्पताल के आरोपी डॉक्टरों और स्टाफ के खिलाफ तत्काल एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित की जाएगी। उन्होंने दोटूक कहा कि यदि जांच में भ्रष्टाचार के आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त से सख्त दंडात्मक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ज्ञापन सौंपने और अपनी आवाज बुलंद करने वालों में मुख्य रूप से दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष श्री फौलाद कुरैशी, रिपोर्टर शाहिद हसन, निजामुद्दीन और दानिश सहित संगठन के अनेकों कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: निखिल सैनी