पंचायत में पति-पत्नी के बीच हुआ सुलहनामा, बच्ची की जिम्मेदारी नाना को सौंपी गई
संत कबीर नगर/गोरखपुर (उत्तर प्रदेश)। जनपद संत कबीर नगर के ग्राम गौरा, पोस्ट रेवटा में ग्राम पंचायत की मौजूदगी में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चले आ रहे वैवाहिक विवाद का आपसी सहमति से निपटारा किया गया। दोनों पक्षों ने ₹20 के गैर-न्यायिक स्टाम्प पर सुलहनामा तैयार कर भविष्य में एक-दूसरे के विरुद्ध किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने पर सहमति व्यक्त की। सुलहनामे के अनुसार, प्रथम पक्ष सीमा देवी, पत्नी धनश्याम शुक्ला, निवासी ग्राम महुवाभार, पोस्ट बिहारी बुजुर्ग, तहसील खजनी, जनपद गोरखपुर, उत्तर प्रदेश की पुत्री हैं। उनकी शादी लगभग सात वर्ष पूर्व द्वितीय पक्ष विपिन पाण्डेय, पुत्र अशोक पाण्डेय, निवासी ग्राम गौरा, पोस्ट रेवटा, जनपद संत कबीर नगर, उत्तर प्रदेश से हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। बताया गया कि शादी के बाद दोनों के बीच पारिवारिक मतभेद उत्पन्न हो गए, जिसके चलते वे अलग-अलग रहने लगे। पंचायत की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता वार्ता हुई, जिसके बाद आपसी सहमति से सुलहनामा तैयार किया गया।
सुलहनामे में यह भी उल्लेख किया गया है कि दोनों की लगभग 5 वर्ष की एक पुत्री है। बच्ची के पालन-पोषण तथा भविष्य में उसके विवाह की पूरी जिम्मेदारी उसके नाना धनश्याम शुक्ला द्वारा निभाई जाएगी। दोनों पक्षों ने भविष्य में एक-दूसरे पर किसी प्रकार का दावा या कानूनी कार्रवाई न करने की सहमति भी दी है।
सुलहनामे पर दोनों पक्षों, गवाहों तथा ग्राम प्रधान के हस्ताक्षर एवं ग्राम पंचायत की आधिकारिक मुहर अंकित है।
रिपोर्टर: धीरेंद्र कुमार पाण्डेय दिल्ली क्राइम प्रेस