INDIA WEATHER
INDIA WEATHER

राशन के इलेक्ट्रॉनिक कांटे में करंट से युवक की मौत, दूसरी घटना ने खोली सुरक्षा व्यवस्था की पोल!

प्रयागराज में कोटेदार के बेटे भवरजीत की दर्दनाक मौत, सस्ता गल्ला परिषद ने मांगा 10 लाख रुपये मुआवजा; प्रदेशभर के कांटों की जांच कराने की उठाई मांग
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के
प्रयागराज जिले के करछना क्षेत्र स्थित ग्राम बड़डीहा में इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे में करंट उतरने से कोटेदार प्रेमचंद्र के पुत्र भवरजीत की मौत हो गई। इस घटना से परिवार में मातम पसरा है, वहीं राशन वितरण में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भवरजीत अपने पिता के साथ राशन दुकान के काम में सहयोग करते थे। शनिवार शाम कांटे को चार्जिंग पर लगाने के दौरान उसमें करंट आ गया, जिसकी चपेट में आने से वह अचेत होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा कोटेदारों के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे में करंट लगने से पहले भी एक व्यक्ति की जान जा चुकी है। इसके बावजूद उपकरणों की सुरक्षा जांच नहीं होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने कांटों की गुणवत्ता, चार्जर और बिजली सुरक्षा की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिषद ने की जांच और मुआवजे की मांग उत्तर प्रदेश सस्ता गल्ला परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अशोक मल्होत्रा ने भवरजीत की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने, प्रदेशभर में इस्तेमाल हो रहे इलेक्ट्रॉनिक कांटों का 15 दिनों के भीतर सुरक्षा ऑडिट कराने और मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच में कंपनी की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो कोटेदार प्रदेशव्यापी आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। अब जरूरत है कि संबंधित विभाग इस घटना की गंभीरता से जांच कर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए।

रिपोर्टर – लव कुमार