मजदूर युवक का अपहरण कर फिरौती मांगने वाले आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
वैजापुर (छत्रपति संभाजीनगर):वैजापुर पुलिस ने मजदूर युवक का अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 मार्च 2026 को शाम लगभग 6:45 बजे वैजापुर कोर्ट परिसर में नई इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था, जहां बिहार राज्य से मजदूरी के लिए आए मजदूर काम कर रहे थे। इनमें से इमरान अलीम अंसारी (उम्र 19 वर्ष) नामक युवक वैजापुर शहर के झगडा फाटा इलाके में मछली खरीदने गया था।
मछली लेकर वापस लौटते समय बोथरा पेट्रोल पंप के सामने तीन अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आए और युवक को जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गए। आरोपियों ने युवक के मोबाइल फोन से उसके घरवालों को फोन कर 15,000 रुपये की फिरौती की मांग की।
घटना की जानकारी मिलते ही वैजापुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत तीन विशेष जांच दल गठित किए और आरोपी तथा अपहृत युवक की तलाश शुरू की। इसी दौरान फिरौती देने में देरी होने पर आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और उसके पास से मोबाइल फोन (2000 रुपये), 300 रुपये नकद, 3000 रुपये की चांदी की चेन और 1000 रुपये की डिजिटल घड़ी सहित कुल 6300 रुपये का सामान छीन लिया। इसके बाद आरोपियों ने युवक को डावाळा फाटा, कोपरगांव रोड के पास रात करीब 11:45 बजे छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने युवक को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर वैजापुर पुलिस स्टेशन लाया और उसकी शिकायत के आधार पर अज्ञात तीन व्यक्तियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 162/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 140(2), 309(1), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों के 50 से 60 CCTV कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
शिवम सुभाष सुरडकर (उम्र 31 वर्ष), निवासी – वही मस्जिद क्षेत्र, वैजापुर
सचिन बालू गोरे (उम्र 29 वर्ष), निवासी – मसनखाई, वैजापुर
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध कबूल कर लिया, जिसके बाद उनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई।इस मामले में तीसरा आरोपी सचिन मुरलीधर पवार (निवासी – खंडोबा नगर, वैजापुर) फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इस मामले की जांच पोलीस उपनिरीक्षक एकनाथ नागरगोजे कर रहे हैं।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. विनयकुमार एम. राठोड, अपर पुलिस अधीक्षक अन्नपूर्णासिंह, तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी भागवत कुंदे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक सत्यजीत ताईतवाले के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
रिपोर्टर: अशोक मोहनराव वर्णे