किशनगंज में BLO पर पक्षपात और भय फैलाने का आरोप, शीतलपुर निवासियों ने चुनाव आयोग से की शिकायत
किशनगंज जिला के शीतलपुर पंचायत क्षेत्र में बूथ स्तर अधिकारियों (BLO) के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शीतलपुर निवासी विशु मुर्मू ने चुनाव आयोग से शिकायत करते हुए कहा कि स्थानीय BLO ने आम जनता के बीच ऐसा भय का माहौल बना दिया है कि लोग खुलकर अपनी बात कहने से डरते हैं। विशु मुर्मू का आरोप है कि संबंधित बूथ स्तर अधिकारी को उच्च अधिकारियों का कोई भय नहीं है और वे अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने BLO को पैसे दिए हैं, उनके कार्य जैसे – मतदाता सूची में नाम जुड़वाना या पहचान पत्र बनवाना – बिना किसी कठिनाई के घर बैठे ही करवा दिया गया, जबकि आम लोग अपने कार्यों के लिए बार-बार चक्कर काटने को मजबूर हैं। शिकायत को लेकर शीतलपुर के अन्य ग्रामीणों, जिनमें सोम मरंडी, सुशील मरंडी, रोमिला मुर्मू, बसंती मुर्मू और बड़का किस्कू जैसे कई नाम शामिल हैं, ने भी आरोपों की पुष्टि की है। उनका कहना है कि BLO की कार्यप्रणाली पक्षपातपूर्ण और भ्रष्ट है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सीधा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चुनाव आयोग और जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी BLO पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि आम लोगों को निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में चुनावी अधिकारों का उपयोग करने का अवसर मिल सके।
संवाददाता:-अभिषेक कुमार
सहयोगी:-शमशाद आलम