ग्रामीणों की चेतावनी: सात दिन में सुधार नहीं हुआ तो बंद कराएंगे काम | ठेकेदार अमरजीत मिश्रा और अलोक मिश्रा पर आरोप
गिरिडीह: गांडेय प्रखंड के अहिल्यापुर पंचायत स्थित प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय के निर्माणाधीन भवन में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है।अहिल्यापुर पंचायत के ग्रामीणों ने लोगों के हस्ताक्षर वाला लिखित आवेदन जिला उपायुक्त गिरिडीह को सौंपा है। आवेदन में ठेकेदार पर जाली चालान, लोकल मिट्टी-ईंट और कम सीमेंट के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर सात दिनों के अंदर गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया तो वे खुद निर्माण कार्य बंद करा देंगे।
आवेदन में लगे 8 गंभीर आरोप:
ग्रामीणों ने उपायुक्त को सौंपे आवेदन में बिंदुवार आरोप लगाए हैं:
1. मिट्टी युक्त बालू: ठेकेदार लोकल बालू में मिट्टी मिलाकर काम करा रहा है और विभाग को जाली चालान दे रहा है।
2. पिलर की गहराई कम: पिलर के नीचे मानक के अनुसार गड्ढा नहीं किया गया है।
3. लोकल मिट्टी की ईंट: बुनियाद में घटिया लोकल मिट्टी की ईंट लगाई गई है।
4. फर्श में मिट्टी भराई: फर्श में बालू की जगह पट मिट्टी भरी गई है।
5. घटिया ईंट-सीमेंट: फर्श से ऊपर लोकल सीमेंट की ईंट लग रही है और विभाग में जाली चालान जमा हो रहा है।
6. गिट्टी में मिलावट: गिट्टी में 0.5 एमएम का चूरा चिप्स मिलाकर लगाया जा रहा है।
7. गलत सरिया: पिलर में 12 एमएम का छड़ दिया गया है जो सरासर गलत है।
8. कम सीमेंट: ईंट जोड़ाई के मसाले में सीमेंट की मात्रा कम दी जा रही है।
ग्रामीणों की चेतावनी: आवेदन के दूसरे पन्ने में ग्रामीणों ने स्पष्ट लिखा है कि "यदि ठेकेदार के द्वारा बिल्डिंग निर्माण में गुणवत्ता में सात दिनों के अंदर सुधार नहीं किया गया तो हम सभी ग्रामीण बिल्डिंग का कार्य बंद कर देंगे। जिसकी सारी जवाबदेही ठेकेदार की होगी।"
किनको भेजी गई प्रतिलिपि: ग्रामीणों ने इस आवेदन की प्रतिलिपि तीन जगह भेजी है: माननीय विधायक महोदया, गांडेय विधानसभा क्षेत्र बिल्डिंग ठेकेदार श्री अमरजीत मिश्रा एवं अलोक मिश्रा थाना प्रभारी, अहिल्यापुर
हस्ताक्षर: आवेदन पर दिनांक 5 जून 2026 को ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किए हैं। इनमें प्रमुख नाम प्रदीप कुमार, राजदीप कुमार, सुरेंद्र रवानी, मुन्ना हाजरा, रिषदेव मंडल, अनुज रजवार, सुनील हाजरा, अजय कुमार, राजन राम आदि शामिल हैं। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि ग्रामीणों का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच के लिए तकनीकी टीम गठित की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ठेकेदार पर कार्रवाई होगी। फिलहाल निर्माण कार्य को गुणवत्ता जांच तक रोकने का निर्देश दिया जाएगा।
ठेकेदार से संपर्क नहीं: आरोपों पर पक्ष जानने के लिए ठेकेदार अमरजीत मिश्रा और अलोक मिश्रा से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
बच्चों की सुरक्षा पर सवाल: प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय अहिल्यापुर में 300 से ज्यादा बच्चे पढ़ते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि घटिया निर्माण से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसलिए वे काम की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करेंगे जिला उपायुक्त को सौंपा गया ग्रामीणों का हस्ताक्षरित आवेदन। गांडेय प्रखंड के अहिल्यापुर में निर्माणाधीन स्कूल भवन।
रिपोर्ट संचित कुमार