INDIA WEATHER
INDIA WEATHER

बुराड़ी पुलिस की बड़ी कामयाबी: 24 घंटे में सुलझाया अपहरण और 1.20 करोड़ की फिरौती का मामला, 7 आरोपी गिरफ्तार...!

बुराड़ी पुलिस की बड़ी कामयाबी: 24 घंटे में सुलझाया अपहरण और 1.20 करोड़ की फिरौती का मामला, 7 आरोपी गिरफ्तार...!

दिल्ली पुलिस की बुराड़ी थाना टीम ने फिरौती के लिए किए गए अपहरण के सनसनीखेज मामले का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित राजन रंजन मिश्रा को सकुशल बरामद कर लिया। राजन 23 जुलाई को मथुरा में नौकरी दिलाने से जुड़े धोखाधड़ी के एक मामले की कोर्ट सुनवाई में गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इसके बाद उनकी पत्नी अर्चना मिश्रा को राजन के मोबाइल से व्हाट्सऐप कॉल कर 1.20 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। आरोपियों के निर्देश पर परिवार ने 80 हजार रुपये नकद कार में रखकर द्वारका के यशोभूमि मेट्रो स्टेशन पर पहुंचवाए, लेकिन इसके बाद भी पीड़ित को रिहा नहीं किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO इंस्पेक्टर गिरीश चंद्र रतूड़ी के नेतृत्व में इंस्पेक्टर जसपाल सिंह, एसआई राहुल, एएसआई सुधीर, एएसआई सुमित, हेड कांस्टेबल पुनीत, सुरेंद्र, प्रदीप, रहीश, पवन, अमरजीत, कमलेश और आशुतोष की टीम का गठन किया गया। ACP शशिकांत गौर की निगरानी में तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने गुरुग्राम और मथुरा में लगातार छापेमारी की। अंततः वृंदावन के गोपालगढ़ क्षेत्र से पीड़ित को मुक्त कराकर संतोष, आर. गुणशेखर, केसवन, पी. अरुण, विनोद, रोहन और गजराज को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने वर्ष 2022-23 में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर राजन रंजन मिश्रा को लाखों रुपये दिए थे। नौकरी और पैसा वापस न मिलने से नाराज होकर उन्होंने कोर्ट के बाहर से राजन का अपहरण कर लिया और फिरौती मांगनी शुरू कर दी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दो कारें, पीड़ित का मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड भी बरामद किया है। मामले में फरार आरोपी बालाजी समेत अन्य साथियों की तलाश जारी है।

संवाददाता सुहैल अहमद दिल्ली