INDIA WEATHER
INDIA WEATHER

वजीरगंज पुलिस को बड़ी सफलता, लूटकांड का खुलासा; पुलिस मुठभेड़ में 3 आरोपी गिरफ्तार

वजीरगंज पुलिस को बड़ी सफलता, लूटकांड का खुलासा; पुलिस मुठभेड़ में 3 आरोपी गिरफ्तार

 

बदायूं। थाना वजीरगंज पुलिस ने 09 मई 2026 को बिल्सी रोड स्थित ब्यौली मढ़ी के पास हुई लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी घायल हो गए, जबकि एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुआ।

पुलिस के अनुसार, मु0अ0सं0 127/26 धारा 309(4) बीएनएस से संबंधित मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी बिसौली के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था।
31 मई 2026 की रात्रि वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल बदमाश लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में बिल्सी से वजीरगंज की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम मुसेपुर पुल के पास चेकिंग शुरू की।
कुछ समय बाद एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने मोटरसाइकिल कच्चे रास्ते की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण के लिए कहने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि कांस्टेबल प्रिंस चौधरी भी गोली लगने से घायल हो गए। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से लूटी गई टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल (UP24BK5903), दो तमंचे .315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, खोखा कारतूस तथा कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

संवाददाता: ए.के. (पीयूष) सोनी, बदायूं