INDIA WEATHER
INDIA WEATHER

गैस की कमी से जूझ रहे बिहार में अब राशन के साथ मिलेगा कोयला

गैस की कमी से जूझते बिहार में अब राशन के साथ मिलेगा कोयला

पटना, 21 अप्रैल। एलपीजी गैस की कमी से जूझ रहे लोगों को राहत देने के लिए बिहार सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब राज्य में जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानों के माध्यम से कुकिंग कोयला उपलब्ध कराया जाएगा। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर सभी जिलाधिकारियों को तत्काल व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। सरकारी आदेश में कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय हालात और ऊर्जा आपूर्ति पर पड़े असर के कारण राज्य में एलपीजी की उपलब्धता प्रभावित हुई है। इसके चलते आम लोगों को खाना बनाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या के समाधान के रूप में सरकार ने कोयले को वैकल्पिक ईंधन के तौर पर उपलब्ध कराने की पहल की है। इस योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभुकों को प्राथमिकता दी जाएगी। कोयले की आपूर्ति और वितरण को सुचारु रूप से चलाने के लिए खान एवं भूतत्व विभाग, परिवहन विभाग और जिला प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है।

ग्रामीण इलाकों में दिखी उम्मीद
सरकार के इस फैसले से खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। कई जगहों पर लोगों ने कहा कि गैस की किल्लत के चलते खाना बनाना मुश्किल हो गया था, ऐसे में कोयला मिलने से बड़ी राहत मिलेगी।

चुनौती भी कम नहीं
हालांकि, इस योजना को जमीन पर लागू करना सरकार के लिए आसान नहीं होगा। कोयले की समय पर आपूर्ति, पारदर्शी वितरण और कालाबाजारी पर नियंत्रण जैसी चुनौतियां भी सामने आ सकती हैं। सरकार ने साफ किया है कि योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहकर काम करना होगा, ताकि जरूरतमंदों तक समय पर राहत पहुंच सके।

पत्रकार - लव कुमार