बारहवीं अंग्रेजी परीक्षा में नकल प्रकरण; 19 लोगों पर कार्रवाई प्रस्तावित
जैतापुर (ता. कन्नड़) परीक्षा केंद्र का मामला, पूरा स्टाफ बदला गया
*छत्रपति संभाजीनगर* : छत्रपति संभाजीनगर जिले के राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जैतापुर (ता. कन्नड़) में बारहवीं कक्षा की अंग्रेजी परीक्षा के दौरान नकल का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने व्यापक और कठोर कार्रवाई प्रस्तावित की है। जिले में परीक्षा से संबंधित यह अब तक की बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
मंगलवार, 10 फरवरी 2026 को आयोजित परीक्षा के दौरान कुछ विद्यार्थियों द्वारा नकल किए जाने की जानकारी मिलने पर परीक्षा केंद्र पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच की गई। जांच में विद्यार्थियों द्वारा एक-दूसरे की उत्तर पुस्तिकाएं देखकर नकल करने की पुष्टि हुई।
इस प्रकरण में कुल 19 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। इसमें जिला परिषद के कर्मचारी पर्यवेक्षक शिक्षक तथा बैठे पथक के अधिकारियों के निलंबन का प्रस्ताव भेजा गया है। अन्य संस्थाओं से जुड़े कर्मचारियों के विरुद्ध संबंधित संस्थाओं के माध्यम से विभागीय व कानूनी कार्रवाई करने का भी प्रस्ताव किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित परीक्षा केंद्र का पूरा स्टाफ बदल दिया है।
यह कार्रवाई माध्यमिक शिक्षणाधिकारी अश्विनी लाठकर के नेतृत्व में तथा विस्तार अधिकारी सीताराम पवार के दल द्वारा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीसीटीवी निगरानी के कारण परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दक्षता समिति के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी दिलीप स्वामी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंकित तथा विभागीय बोर्ड के अध्यक्ष अनिल साबळे के आदेशानुसार यह कार्रवाई की गई।
रिपोर्ट : अशोक वर्णे वैजापुर संवाददाता