राशन डीलरों के साथ मुख्यमंत्री योगी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, अन्नपूर्णा भवनों पर रहा जोर
नजीबाबाद : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेशभर के उचित दर विक्रेताओं (राशन डीलरों) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण नजीबाबाद तहसील में भी किया गया, जहां क्षेत्र के राशन डीलर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री के संबोधन से जुड़े। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में राशन डीलरों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उचित दर विक्रेता सरकार की खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने में डीलरों के योगदान की भी प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने अन्नपूर्णा भवनों को लेकर सरकार की योजना पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अन्नपूर्णा भवनों को आधुनिक और सुविधायुक्त मॉडल उचित दर दुकानों के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे राशन कार्डधारकों को एक ही स्थान पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें। सीएम योगी ने बताया कि अन्नपूर्णा भवनों में राशन वितरण के साथ-साथ 39 प्रकार की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को रोजमर्रा की जरूरत का सामान एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। अन्नपूर्णा भवनों में राशन के सुरक्षित भंडारण के साथ जनसुविधा केंद्र जैसी सुविधाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य इन भवनों को केवल राशन वितरण का केंद्र न रखकर ग्रामीण क्षेत्र में बहुउद्देशीय जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित करना है। अन्नपूर्णा भवनों में जनसुविधाओं और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर सरकार की पहल पहले से जारी है। मुख्यमंत्री ने ई-पॉस आधारित व्यवस्था और राशन वितरण में पारदर्शिता पर भी जोर दिया। सरकार का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से राशन वितरण व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाना है। नजीबाबाद तहसील में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में क्षेत्र के राशन डीलर मौजूद रहे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुना।
✍️ रिपोर्ट: लव कुमार नजीबाबाद, बिजनौर