बदायूं में अपराध समीक्षा बैठक: एसएसपी अंकिता शर्मा ने थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश
बदायूं : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने शुक्रवार को पुलिस लाइन्स सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जनपद में घटित प्रमुख अपराधों, लंबित विवेचनाओं, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, गैंगस्टर एक्ट, अवैध शराब, मादक पदार्थ तस्करी तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने अपराध नियंत्रण और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थानों पर आने वाले शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सहानुभूतिपूर्वक सुनकर उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया। बैठक में हिस्ट्रीशीटर, टॉप-10 अपराधी, ईनामिया बदमाश, मादक पदार्थ तस्करों तथा अवैध शस्त्र निर्माण व बिक्री करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए त्वरित कार्रवाई और अपहृताओं की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने को कहा गया। आगामी डॉ. बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जयंती के मद्देनज़र एसएसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, पीस कमेटी बैठकों के आयोजन तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अलावा ऑपरेशन त्रिनेत्र 2.0 के तहत सीसीटीवी कैमरों की समीक्षा, मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा जागरूकता, ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ रखने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट अभियान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि “सड़क सुरक्षा केवल कानून नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। जनता और पुलिस के सहयोग से ही जीरो फैटेलिटी का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है
बदायूं से संवाददाता एके सोनी