आर्मी पब्लिक स्कूल मेरठ में साइबर और महिला-बाल सुरक्षा पर जागरूकता
मेरठ, 22 अक्टूबर: साइबर जागरूकता माह अक्टूबर के अंतर्गत साइबर सेल मेरठ की टीम द्वारा आर्मी पब्लिक स्कूल मेरठ में साइबर सुरक्षा, एंटी-रोमियो अभियान, और महिला व बाल सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्क और जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल के उपनिरीक्षक नितिन पाण्डेय ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सदुपयोग, साइबर बुलिंग, साइबर स्टॉकिंग, डिजिटल फुटप्रिंट्स और सोशल मीडिया खातों के पासवर्ड सुरक्षित रखने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं, उपनिरीक्षक जागीर सिंह ने ऑनलाइन गेमिंग, 'डिजिटल अरेस्ट', फर्जी कॉल व संदेशों से सावधान रहने की हिदायत दी। इसके साथ ही, विद्यार्थियों को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों—1090 (महिला पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), और 181 (महिला हेल्पलाइन)—की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्रों को साइबर अपराधों और 'मिशन शक्ति' केंद्र की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए सुरक्षित व जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने की प्रेरणा दी गई
रिपोर्टर शाहिद हसन ( मेरठ)