INDIA WEATHER
INDIA WEATHER

डीएम और एसएसपी ने ईद के मद्देनज़र शहर में किया पैदल मार्च

डीएम और एसएसपी ने ईद के मद्देनज़र शहर में किया पैदल मार्च

बदायूं, 27 मई। बकरीद एवं अन्य आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बुधवार शाम शहर में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पैदल मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन को सुरक्षा और कानून व्यवस्था का भरोसा दिलाया। पैदल मार्च छः सड़का से शुरू होकर खण्डसारी मोहल्ला, पुराना बाजार, शास्त्री चौक, मंढई चौक, जामा मस्जिद, कोतवाली, घंटाघर, खैराती चौक, नेहरू चौक, नगर पालिका होते हुए लावेला चौक तक निकाला गया। जिलाधिकारी अवनीश राय ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित है और सामाजिक माहौल बिगाड़ने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है। किसी भी प्रकार की भ्रामक या माहौल खराब करने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बदायूं जनपद में सभी त्योहार हमेशा आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाते रहे हैं तथा आगे भी इसी परंपरा को बनाए रखने में सभी नागरिकों का सहयोग जरूरी है। जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहें। किसी भी छोटी-बड़ी घटना की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाए ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

संवाददाता : ए के सोनी, बदायूं