INDIA WEATHER
INDIA WEATHER

बालाघाट हॉकफोर्स से भोपाल के एसीपी बने डीएसपी संतोष पटेल

बालाघाट हॉकफोर्स से भोपाल के एसीपी बने डीएसपी संतोष पटेल

डिजिटल डेस्क, भोपाल: 
मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में हाल ही में हुए एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बीच एक अनोखा मामला सामने आया है। अपनी अनूठी कार्यशैली और सादगी के लिए सोशल मीडिया पर बेहद लोकप्रिय, 2018 बैच के राज्य पुलिस सेवा (SPS) अधिकारी डीएसपी संतोष कुमार पटेल का तबादला बालाघाट से राजधानी भोपाल हो गया है। वे अब भोपाल में सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) कोतवाली की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस तबादले की सबसे खास बात यह रही कि आदेश आने से ठीक पहले इंटरनेट मीडिया पर उनकी पत्नी रोशनी पटेल द्वारा की गई एक भावुक अपील खूब चर्चा में रही, जिसे अब इस ट्रांसफर से जोड़कर देखा जा रहा है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र से पहली बार बड़े शहर में पोस्टिंग
डीएसपी संतोष कुमार पटेल
पिछले करीब डेढ़ साल (एक साल पांच महीने) से बालाघाट हॉकफोर्स में सहायक सेनानी के पद पर तैनात थे। घने जंगलों और नक्सल प्रभावित क्षेत्र में चुनौतीपूर्ण ड्यूटी देने के बाद, यह उनके करियर की पहली शहरी पोस्टिंग है। भोपाल में एसीपी कोतवाली के रूप में वे अब राजधानी के बेहद संवेदनशील और प्रमुख इलाकों— श्यामला हिल्स, तलैया और कोतवाली थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की कमान संभालेंगे। विभाग द्वारा जारी की गई 65 अधिकारियों (IPS और SPS) की तबादला सूची में उनका नाम भी शामिल था।
वायरल हुई थी पत्नी की यह भावुक पोस्ट तबादला सूची आने से पहले डीएसपी संतोष पटेल की पत्नी रोशनी पटेल ने फेसबुक/सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी। उन्होंने लिखा था:
"बालाघाट के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में नियम है कि वहां एक साल की ड्यूटी होगी, लेकिन मेरे पतिदेव को ड्यूटी करते हुए एक साल पांच महीने हो चुके हैं। अभी तक ट्रांसफर की कोई सूचना नहीं आई है। बच्चों की पढ़ाई का समय आ गया है और स्कूल में एडमिशन करवाना है। मां बीमार रहती हैं, समय पर उनकी दवाइयां नहीं हो पाती हैं। मेरे जैसी कई पत्नियां इंतजार कर रही हैं कि वे अपने परिवार के साथ रह सकें। सरकार से निवेदन है कि जल्द से जल्द ट्रांसफर किया जाए।"
इस पोस्ट के वायरल होने के कुछ समय बाद ही जब शनिवार को विभाग की ओर से तबादला सूची जारी हुई, तो रोशनी पटेल की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने हनुमान मंदिर में पति की तस्वीर और ट्रांसफर ऑर्डर की कॉपी साझा करते हुए लिखा कि हनुमान जी और महादेव की कृपा से यह संभव हुआ है। उन्होंने कहा, "अभी तक सिर्फ गांव-देहात की नौकरी की थी, पहली बार बड़े शहर में आ रहे हैं।"हर नई शुरुआत अम्मा के आशीर्वाद से
आदेश जारी होने के बाद डीएसपी संतोष पटेल ने हमेशा की तरह अपनी सादगी का परिचय दिया। उन्होंने अपनी मां के साथ एक भावुक तस्वीर साझा करते हुए इंटरनेट मीडिया पर लिखा:
"कोई ख़ुशी हो या बदलाव हो, शुरुआत अम्मा के चरणों से ही होती है। कल रात ट्रांसफर की लिस्ट आई। अम्मा सो रही थीं। निमंत्रण से लौटे, अम्मा को बताया तो नींद से उठकर मुस्कुराने लगीं। बालाघाट बहुत शानदार और सुंदर जिला है, अब भोपाल राजधानी का भी अनुभव मिलेगा।"
संतोष पटेल सोशल मीडिया पर जमीनी स्तर पर जाकर लोगों की मदद करने और अपनी मां व परिवार के साथ ठेठ देसी अंदाज में वीडियो साझा करने के लिए जाने जाते हैं। अब राजधानी भोपाल के शहरी माहौल में उनकी यह नई पारी बेहद दिलचस्प होने वाली है।