आज 22 अक्टूबर को मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी निर्वाचन पार्टियां
बदायूं। विधान परिषद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र बरेली-मुरादाबाद के लिए 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान केंद्रों पर पुलिस व्यवस्था और अधिकारियों की तैनाती को लेकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में एडीएम एफआर एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/नोडल अधिकारी निर्वाचन पुलिस डॉ. हृदेश कठेरिया ने अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जनपद में खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए कुल 10 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। निर्वाचन पार्टियां 22 अक्टूबर 2026 को सुबह 9 बजे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय से रवाना होंगी। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि वे मतदान केंद्रों पर पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाएं। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ मतदान को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना सुनिश्चित करें। बैठक में सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव, एडीईओ अशोक वर्मा, प्रभारी चुनाव सेल पुलिस सहंसरवीर सिंह, सह-प्रभारी स्वीप/सोशल मीडिया सेल सरवर अली समेत संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे।
संवाददाता: पीयूष उर्फ एके सोनी
सहयोगी: ताहिर इदरीशी