बेगम पुल पर 'नो-जोन' में भी ई-रिक्शा और ऑटो का फैला हुआ है जाल
मेरठ। शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शुमार बेगम पुल पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। प्रशासन द्वारा घोषित 'नो-जोन' नियमों का सरेआम उल्लंघन करते हुए ई-रिक्शा और ऑटो चालकों ने सड़कों पर कब्जा कर रखा है, जिससे हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। बेगम पुल चौराहे पर ई-रिक्शा और ऑटो के बेतरतीब खड़े होने के कारण पैदल चलने वालों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि 'नो-जोन' होने के बावजूद यहाँ ई-रिक्शा की कतारें लगी रहती हैं, लेकिन मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस इन पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। जाम के कारण पीक ऑवर्स में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे लोगों का घंटों समय बर्बाद हो रहा है। व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि पुलिस द्वारा समय-समय पर अभियान तो चलाए जाते हैं, लेकिन स्थिति में कोई स्थायी सुधार नहीं दिख रहा है। ई-रिक्शा चालकों के दुस्साहस और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी ने बेगम पुल को जाम का केंद्र बना दिया है। जनता ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि 'नो-जोन' का सख्ती से पालन कराया जाए और नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
रिपोर्टर: निखिल सैनी, सहयोगी बबलू कुरैशी (मेरठ)