शादी के नाम पर ठगने वाले 'लुटेरी दुल्हन' गिरोह का पर्दाफाश, छपार पुलिस ने दुल्हन समेत 3 महिलाओं को किया गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर: जनपद की छपार थाना पुलिस ने सीधे-साधे परिवारों को शादी के झांसे में लेकर जेवरात और नगदी ठगने वाले एक शातिर अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह की मुख्य सरगना यानी 'लुटेरी दुल्हन' समेत तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ी गई महिला आरोपियों की पहचान सोनाक्षी, उसकी मां कामिनी और सहयोगी आशा के रूप में हुई है, जो सभी दुर्गाविहार, नजीबाबाद (बिजनौर) की रहने वाली हैं। पुलिस ने इनके पास से ठगे गए सोने-चांदी के आभूषण जैसे मंगलसूत्र, झुमकी, अंगूठी, पायल और बिछुए भी बरामद कर लिए हैं। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित पिता ने छपार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार, ग्राम घुमावटी निवासी रविन्द्र नाम के एक बिचौलिए ने उनके बेटे की शादी कराने का झांसा दिया और सोनाक्षी नाम की लड़की की फोटो दिखाकर शादी तय कर ली। इसके बाद हरिद्वार के एक मैरिज होम में दोनों की शादी करा दी गई, जहाँ दूल्हा पक्ष ने दुल्हन को सोने-चांदी के गहने चढ़ाए। लेकिन शादी के अगले ही दिन दुल्हन सोनाक्षी सारे आभूषण समेटकर रंगे हाथों फरार हो गई। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं ने कुबूल किया कि वे एक संगठित गिरोह चलाती हैं, जो ऐसे परिवारों को निशाना बनाता है जिनकी शादी होने में दिक्कत आ रही होती है। शादी के नाम पर मोटी रकम ऐंठने और किसी मंदिर या धर्मशाला में फेरे लेने के महज एक-दो दिन बाद ही सोनाक्षी मौका पाकर जेवरात लेकर रफूचक्कर हो जाती थी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और गिरोह के फरार साथी रविन्द्र की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
रिपोर्टर: निखिल सैनी, मुजफ्फरनगर (उ०प्र०)