डांट और रोक-टोक से नाराज होकर पिता की हत्या करने वाली लड़की गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना भोपा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मोरना में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ दो सगी बहनों ने मिलकर अपने ही पिता की नृशंस हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कोमल और उसकी नाबालिग बहन को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका पिता उन पर काफी रोक-टोक करता था और हर छोटी बात पर डांटता रहता था। बड़ी बहन कोमल (32 वर्ष) इस बात से भी नाराज थी कि उसके पिता ने अभी तक उसकी शादी नहीं की थी। अपनी योजना के तहत, बहनों ने पहले पूरे परिवार को खाने में नींद की गोलियां दे दीं। जब सब गहरी नींद में सो गए, तब रात करीब 3:00 बजे दोनों ने चाकू से वार कर अपने पिता की हत्या कर दी और शव को घर के दरवाजे के पास बुग्गी के पीछे छिपा दिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए दो चाकू, नींद की गोलियां और खाली रैपर बरामद कर लिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में भोपा पुलिस द्वारा आरोपियों को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्टर: निखिल सैनी, मुजफ्फरनगर।