रुड़की के मंगलोर बालाजी मंदिर में धूमधाम से मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव
रुड़की (मंगलोर)। मंगलोर क्षेत्र के प्रसिद्ध बालाजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव का पावन पर्व अपार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह 8:00 बजे शुरू हुआ यह भव्य कार्यक्रम शाम 5:00 बजे तक निर्बाध रूप से चला। जन्मोत्सव की शुरुआत सुबह 8:00 बजे मंदिर परिसर में आयोजित एक भव्य हवन के साथ हुई। इस पवित्र अनुष्ठान में मुख्य अतिथि भानु प्रताप त्यागी जी और विपिन चंद्रा शास्त्री ने शिरकत की। दोनों अतिथियों ने विधि-विधान के साथ हवन किया, जिसमें सभी भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। दिन भर चले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और हनुमान जी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर समिति द्वारा भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। यह आयोजन मंगलोर क्षेत्र में हनुमान जन्मोत्सव के भव्य समारोहों में से एक रहा और भक्तों ने बड़ी धूमधाम से अपने आराध्य का जन्मदिवस मनाया।
रिपोर्ट: निखिल सैनी, सहयोगी बालेश सैनी (हरिद्वार)