हथियार लहराने वाले मामले में अज्ञात युवकों पर मुकदमा
महेश कुमार प्रजापति रिपोर्टर।
सहारनपुर, हथियारों के साथ दर्जनभर युवकों का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। रामपुर मनिहरान थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर कुछ युवकों को चिन्हित भी कर लिया है। जल्द ही सभी युवकों की गिरफ्तारी की जाएगी।
बीते मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में बड़ी संख्या में युवक हथियारों के साथ नजर आ रहे थे। बताया जा रहा था कि वीडियों में दो गुट आमने सामने थे। वीडियो रामपुर मनिहारन क्षेत्र के उमाही गांव का बताया गया था। जैसे ही पुलिस अफसरों तक यह वीडियो पहुंचा तो खलबली मच गई। तुरंत ही वीडियो को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों की माने तो वीडियो में हथियारों के साथ दिखाई दे रहे कुछ युवकों की पहचान भी हो गई है। लेकिन अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द युवकों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।