INDIA WEATHER
INDIA WEATHER

बकरा ईद के मद्देनजर पुलिस, इमाम और संभ्रांत नागरिकों के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक

बकरा ईद के मद्देनजर पुलिस, इमाम और संभ्रांत नागरिकों के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक

मेरठ: आगामी बकरा ईद के त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मेरठ की माधवपुरम पुलिस चौकी द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र की माधवपुरम चौकी प्रभारी व महिला दरोगा मंजू सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों के प्रमुख इमामों, पुलिस स्टाफ और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में मुख्य रूप से मस्जिद के इमाम मौलाना रहमत और मुनव्वर हुसैन मौजूद रहे, जिनसे पुलिस अधिकारियों ने त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान चौकी इंचार्ज मंजू सिंह के साथ पुलिस टीम से दरोगा अक्षय गुप्ता, अनुज कटारिया और दीवान ने भी सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर अपने विचार साझा किए।​ बैठक में उपस्थित आमजन और संभ्रांत नागरिकों, जिनमें विवेक कुमार, पवन यादव, नरेंद्र कुमार, राजू खान और जावेद मेवाती शामिल रहे, से पुलिस प्रशासन ने अपील की कि वे त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा और कौमी एकता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें। इसके साथ ही इमामों और जिम्मेदार नागरिकों से विशेष अनुरोध किया गया कि वे नमाज और कुर्बानी के समय शासन द्वारा जारी गाइडलाइंस, नियमों और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के लिए लोगों को जागरूक करें। बैठक में मौजूद सभी इमामों, पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों ने पुलिस प्रशासन को इस पावन त्योहार को पूरी शांति, गरिमा और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराने में अपना पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

रिपोर्टर: निखिल सैनी, सहयोगी जावेद मेवाती (मेरठ)