INDIA WEATHER
INDIA WEATHER

ऋषिकेश में दो बहनों ने असहाय व्यक्ति को राखी बांधकर पेश की इंसानियत की मिसाल

ऋषिकेश में दो बहनों ने असहाय व्यक्ति को राखी बांधकर पेश की इंसानियत की मिसाल

ऋषिकेश:
रक्षाबंधन का त्योहार केवल सगे भाई-बहनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रेम, सौहार्द और इंसानियत का पर्व भी है। इसकी एक बेहद भावुक और प्रेरणादायक मिसाल ऋषिकेश के वीरभद्र रेलवे स्टेशन पर देखने को मिली, जहां दो बहनों ने समाज से उपेक्षित और असहाय व्यक्ति को भाई का दर्जा देकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। वीरभद्र रेलवे स्टेशन पर एक असहाय व्यक्ति बैठा हुआ था, जिसे शायद समाज और वक्त ने अकेला छोड़ दिया था। तभी दो बहनें हाथ में रक्षासूत्र (राखी) और मिठाई लेकर उसके पास पहुंचीं। दोनों बहनों ने आत्मीयता से उसके पास बैठकर उसकी कलाई पर राखी बांधी, तिलक लगाया और मुस्कुराते हुए उसे मिठाई खिलाई। राखी बांधने के बाद बहनों ने भावुक होकर उस व्यक्ति का आशीर्वाद भी लिया। जिसे समाज ने बेसहारा छोड़ दिया था, आज इन दो बहनों ने उसे भाई का सम्मान देकर उसके चेहरे पर एक अलग ही मुस्कान ला दी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति का दिल भर आया।
सच ही कहा गया है कि कभी-कभी हमारी एक छोटी सी संवेदनशील पहल किसी निराश चेहरे पर सच्ची मुस्कान ला सकती है, और ऐसे मौकों पर मिलने वाली निस्वार्थ दुआएं ही जिंदगी की सबसे बड़ी पूंजी होती हैं। —रिपोर्ट: निखिल सैनी, सहयोगी राकेश कुमार मोहर (ऋषिकेश)