हरिद्वार : हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर आज लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तराखंड द्वारा श्रमिक हितों और गरीब वर्ग की आवाज को बुलंद करते हुए एक प्रभावशाली जनसुनवाई एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में हरिद्वार रेलवे स्टेशन के सैकड़ों कुली भाइयों ने एकजुट होकर अपनी समस्याओं को पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के समक्ष रखा।कुली भाइयों के विशेष आमंत्रण पर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर और उनकी टीम की मौजूदगी में मुख्य रेलवे स्टेशन मास्टर को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में गंभीर मुद्दा उठाया गया कि सरकार द्वारा बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जा रही बैटरी चालित गाड़ियों का कुछ लोगों द्वारा गलत तरीके से सामान ढोने में इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे वर्षों से ईमानदारी से मेहनत कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले कुली भाइयों की रोजी-रोटी पर गहरा संकट खड़ा हो गया है। कुली भाइयों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी कई बार रेलवे अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर ने इस मुद्दे को गरीब मजदूरों के हक और सम्मान से जुड़ा मामला बताते हुए रेलवे प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी सदैव गरीब, मजदूर, शोषित और वंचित वर्ग की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती आई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो पार्टी कुली भाइयों के समर्थन में बड़ा आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेगी। इस दौरान सैकड़ों कुली भाइयों के साथ-साथ महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष नीतू सिंह, यूनियन के राष्ट्रीय सचिव गोलू ठाकुर, हरिद्वार जिला अध्यक्ष गौतम कुमार, जिला संयोजक अवधेश कुमार शर्मा, प्रदेश महासचिव संजय कुमार और प्रदेश सचिव जय ओल्ड सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: निखिल सैनी, सहयोगी संजय कुमार (हरिद्वार)