INDIA WEATHER
INDIA WEATHER

बारामती में बड़ा विमान हादसा, उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित 6 लोगों की मौत

बारामती में बड़ा विमान हादसा, उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित 6 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के वरिष्ठ नेता अजित पवार के विमान के बारामती में दुर्घटनाग्रस्त होने की सनसनीखेज खबर सामने आई है। इस भीषण हादसे में अजित पवार सहित कुल छह लोगों की मौत हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अजित पवार मुंबई से विमान द्वारा बारामती आ रहे थे। विमान जैसे ही लैंडिंग की प्रक्रिया में था, तभी तकनीकी कारणों से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बारामती के एक खेत में जा गिरा। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि विमान में आग लग गई और आसपास के क्षेत्र में धुएँ के गुबार दिखाई देने लगे।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इस दुर्घटना में अजित पवार सहित छह लोगों की मृत्यु हुई है। वहीं पीटीआई के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में अजित पवार समेत तीन लोगों की मौत की बात कही गई थी, जबकि बाद में दोनों पायलटों के भी मृत होने की पुष्टि हुई।
एएनआई समाचार एजेंसी द्वारा जारी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विमान उतरते समय खेत में गिरा और कुछ ही पलों में आग की चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुँचे, लेकिन हादसा इतना भयावह था कि किसी को बचाया नहीं जा सका।
हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
इस दुखद घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएँ भी सामने आ रही हैं। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राऊत ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “अजित पवार का बारामती से गहरा लगाव था। उसी बारामती में उनका इस तरह जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
इस हादसे से पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर है और राजनीतिक, सामाजिक क्षेत्रों से लगातार श्रद्धांजलि संदेश आ रहे हैं।

रिपोर्टर : अशोक वर्णे दिल्ली क्राइम प्रेस