जमालपुर पठानी में ‘पॉलिटेक्निक चलो अभियान 2026’ की बैठक, महिलाओं की रही सक्रिय भागीदारी
बिजनौर जिले के जमालपुर पठानी गांव में 28 मार्च 2026 को “पॉलिटेक्निक चलो अभियान 2026” के अंतर्गत एक जागरूकता बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को तकनीकी शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और पॉलिटेक्निक पाठ्यक्रमों की जानकारी देना रहा।
बैठक में उपस्थित शिक्षकों व संबंधित अधिकारियों ने बताया कि प्राविधिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से छात्र इंजीनियरिंग, फार्मेसी सहित विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान आवेदन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड और परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं।
कार्यक्रम में महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। भारती राजपूत (ग्राम सबलपुर बितरा), मीनाक्षी (बिजनौर), चीनू (बिजनौर) और निशा (ट्रेनर, बिजनौर) सहित कई महिलाओं ने बैठक में भाग लेकर तकनीकी शिक्षा के महत्व को समझा और अपने बच्चों को इस दिशा में आगे बढ़ाने की बात कही।
वक्ताओं ने बताया कि पॉलिटेक्निक शिक्षा कम समय में रोजगारोन्मुख कौशल प्रदान करती है, जिससे युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि आवेदन प्रक्रिया जनवरी से अप्रैल 2026 तक चलेगी तथा परीक्षा का आयोजन मई माह में प्रस्तावित है।
अंत में उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाएं।
रिपोर्ट - लव कुमार