INDIA WEATHER
INDIA WEATHER

मुजफ्फरनगर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक सम्पन्न

मुजफ्फरनगर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक सम्पन्न

मुजफ्फरनगर।
विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु एवं श्रम बंधु समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिले के औद्योगिक विकास और उद्यमियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए। बैठक में जानसठ रोड पर स्थित नैराना विद्युत सब-स्टेशन की लिंक रोड निर्माण और पोल शिफ्टिंग के प्रस्तावों पर चर्चा की गई, जिसके तहत मुख्यालय से मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया गया। इसके अलावा, वहलना चौक के पास लिंक रोड निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और जल्द ही कार्यादेश जारी करने की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को उद्यमियों के साथ नियमित मासिक बैठकें आयोजित करने और विभाग से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए। लच्छेड़ा स्थित मिल्टैक इंडस्ट्रीज के सामने विद्युत लाइनों को दुरुस्त करने के लिए सर्वे पूरा होने की जानकारी दी गई। धंधेड़ा रोड से इंडस्ट्रीज की ओर जाने वाली सड़क के चिन्हांकन और मैसर्स राधा गोविंद ऑटोमोबाइल्स से संबंधित एनओसी तथा मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में औद्योगिक संगठनों को मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण में एमडीए और नगर पालिका के साथ सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही 'एक जनपद एक व्यंजन' योजना को आगे बढ़ाने और इसमें पात्र आवेदकों के शामिल होने पर जोर दिया गया। श्रम विभाग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने न्यूनतम मजदूरी के प्रभावी अनुपालन, बंधुआ मजदूरी की रोकथाम, ईंट भट्ठा श्रमिकों की समस्याओं के निराकरण और ईएसआईसी अस्पताल के लिए भूमि चिन्हांकन को लेकर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग जैस्मीन द्वारा किया गया, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, सहायक श्रम आयुक्त देवेश सिंह और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। 

रिपोर्ट: निखिल सैनी