गांडेय में 'गो सम्मान आह्वान अभियान' के तहत सौंपा गया ज्ञापन, स्वतंत्र 'गो पालन मंत्रालय' गठित करने की मांग
, देसी गोवंश की सेवा, सुरक्षा एवं राष्ट्रीय सम्मान सुनिश्चित करने हेतु चलाए जा रहे 'गो सम्मान आह्वान अभियान' के अंतर्गत शनिवार को गांडेय प्रखंड मुख्यालय में सनातन समाज, संत समाज एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) तथा अंचल अधिकारी (सीओ) को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित है सौंपे गए ज्ञापन में केंद्र सरकार से आग्रह किया गया है कि अखिल वेदलक्षणा गोमाता की पूर्ण सुरक्षा के लिए एक सख्त केंद्रीय कानून बनाया जाए। साथ ही, इस विषय के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक स्वतंत्र 'गो पालन मंत्रालय' की स्थापना की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है। गोभक्तों का मानना है कि देसी गोवंश भारतीय कृषि, अर्थव्यवस्था एवं सांस्कृतिक विरासत का आधार है, जिसकी सुरक्षा अत्यावश्यक है। ज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गत 12 वर्षों के कार्यकाल में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों की सराहना की गई। इसमें अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण एवं जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति का विशेष उल्लेख किया गया।
स्थानीय नागरिकों ने कहा, "केंद्र सरकार ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से असंभव प्रतीत होने वाले कार्य पूर्ण किए हैं। इससे सनातनी समाज में नई आशा का संचार हुआ है। प्रधानमंत्री के 'पंचप्राण' संकल्प के अंतर्गत गोमाता को राष्ट्रीय सम्मान प्रदान कर भारत के सांस्कृतिक पुनरुत्थान को पूर्णता दी जानी चाहिए।" गोभक्तों ने जानकारी दी कि यह आंदोलन देशव्यापी स्तर पर संचालित किया जा रहा है। इसके तहत तहसीलदार, अनुमंडल पदाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री तक जनभावना पहुंचाई जा रही है। इसी क्रम में गांडेय प्रखंड कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, गोभक्त एवं सनातन समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे। 'गो सम्मान आह्वान अभियान' का उद्देश्य देसी गोवंश के संरक्षण हेतु एकीकृत नीति एवं कानूनी ढांचा तैयार कराना है। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि गो-तस्करी एवं अवैध वध की घटनाओं पर प्रभावी रोक के लिए केंद्रीय हस्तक्षेप आवश्यक है। गांडेय प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष शनिवार को 'गो सम्मान आह्वान अभियान' के तहत ज्ञापन सौंपते गोभक्त एवं सनातन समाज के प्रतिनिधि।
रिपोर्ट संचित कुमार दिल्ली क्राइम प्रेस
*गांडेय (गिरिडीह)