मुजफ्फरनगर यातायात पुलिस का सघन अभियान, 225 वाहनों पर 4.32 लाख का जुर्माना
मुजफ्फरनगर: जनपद में ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में यातायात पुलिस ने आज मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर का इस्तेमाल करने वाले वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 225 वाहनों के चालान काटे गए और उनसे कुल 4,32,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस टीम ने कई वाहनों से मौके पर ही मॉडिफाइड साइलेंसर उतरवाए और 159 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 2,42,000 रुपये का जुर्माना लगा। साथ ही 66 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 1,90,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाना और आम जनता, मरीजों व स्कूली बच्चों को अनावश्यक शोर से होने वाली परेशानी से राहत दिलाना है। यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न या हूटर का प्रयोग न करें। यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि दूसरों के लिए भी समस्या का कारण बनता है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी विधिक कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट: निखिल सैनी, मुजफ्फरनगर