INDIA WEATHER
INDIA WEATHER

मुजफ्फरनगर: पुलिस ने पकड़ी गन्ने के खेत में चल रही अवैध असलहा फैक्ट्री

मुजफ्फरनगर: पुलिस ने पकड़ी गन्ने के खेत में चल रही अवैध असलहा फैक्ट्री
मुजफ्फरनगर। जनपद में आगामी चुनावों से पहले खौफ फैलाने की साजिश को बुढ़ाना पुलिस ने नाकाम कर दिया है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत बुढ़ाना पुलिस ने एक गन्ने के खेत में चल रही अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में बने और अधबने हथियार बरामद किए हैं। ​एस.एस.पी. ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते हुए बताया कि थाना बुढ़ाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मंदवाड़ा जाने वाले कच्चे रास्ते पर ईख के खेत में हथियारों का निर्माण हो रहा है। इंस्पेक्टर सुभाष अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी, जहाँ से निवासी मेरठ साबिर पुत्र शब्बीर को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही ​पुलिस ने मौके से मौत का सामान बनाने वाला भारी जखीरा बरामद किया है जिसमें 6 बंदूक, 3 तमंचे के साथ 12 अधबने बॉडी फ्रेम,कारतूस और ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, शिकंजा जैसे औजार शामिल है। ​पकड़े गए आरोपी साबिर ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि आगामी पंचायत चुनावों में हथियारों की मांग बढ़ जाती है, जिसके चलते वे भारी मुनाफा कमाने के लिए स्टॉक तैयार कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, साबिर एक शातिर अपराधी है जिस पर मेरठ, गाजियाबाद और बागपत के थानों में करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं।

रिपोर्ट: संवाददाता निखिल सैनी, मुजफ्फरनगर।