वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा थाना मीरापुर में सौन्दर्यकरण कार्यों, ‘बात्सल्य कक्ष’ एवं आदर्श बैरक का किया उद्घाटन, पुलिस पेंशनर्स से की बैठक तथा ग्राम प्रहरियों को किया सम्मानित
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा थाना मीरापुर पर कराए गए सौन्दर्यकरण कार्यों एवं विभिन्न नव विकसित व्यवस्थाओं का उद्घाटन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी जानसठ श्रीमती रुपाली रॉय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा थाना मीरापुर परिसर में पुलिस परिवार के बच्चों के लिए नव निर्मित “बात्सल्य कक्ष” का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। यह कक्ष विशेष रूप से पुलिस कर्मियों के बच्चों के लिए तैयार किया गया है, जहां उनके खेलने, पढ़ने तथा रचनात्मक गतिविधियों के लिए अनुकूल एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया गया है। पुलिस कर्मियों की व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण ड्यूटी को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की व्यवस्था अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। इससे पुलिस परिवार के बच्चों को एक सकारात्मक वातावरण प्राप्त होगा, जिससे उनके मानसिक, बौद्धिक एवं सामाजिक विकास को प्रोत्साहन मिलेगा। उद्घाटन के उपरांत महोदय द्वारा बच्चों के साथ आत्मीयतापूर्वक समय व्यतीत किया तथा उन्हें चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों एवं उनके अभिभावकों द्वारा इस पहल की सराहना की गई। इसके उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा थाना मीरापुर में नव विकसित आदर्श बैरक का भी उद्घाटन किया गया। इस आदर्श बैरक में पुलिस कर्मियों के रहने के लिए आधुनिक एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं की गई हैं, जिनमें आरामदायक बेड, पर्याप्त स्टोरेज की सुविधा, व्यक्तिगत अलमारियां आदि शामिल हैं। इन व्यवस्थाओं से पुलिस कर्मियों को बेहतर आवासीय वातावरण प्राप्त होगा, जिससे उनके मनोबल एवं कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। इसके साथ ही थाना परिसर में स्थित किचन, मैस, साइबर हेल्प डेस्क एवं मालखाने को भी उन्नत एवं सुव्यवस्थित किया गया है। किचन व मैस में पुलिस कर्मियों के लिए बेहतर भोजन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे उन्हें स्वस्थ एवं संतुलित भोजन उपलब्ध हो सके। साइबर हेल्प डेस्क को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किया गया है, जिससे साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया जा सके तथा आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके। वहीं मालखाने की व्यवस्थाओं को भी अधिक सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाया गया है, जिससे अभिलेखों एवं बरामद माल के रखरखाव में सुगमता हो सके। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पुलिस पेंशनर्स के साथ एक बैठक भी की गई, जिसमें उन्होंने पेंशनर्स की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना। महोदय द्वारा कहा गया कि पुलिस पेंशनर्स पुलिस विभाग की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभव एवं मार्गदर्शन से वर्तमान पुलिस बल को निरंतर प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान हेतु हर संभव प्रयास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त महोदय द्वारा क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले ग्राम प्रहरियों को नगद पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उन्होंने ग्राम प्रहरियों की भूमिका को ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें भविष्य में भी सतर्कता, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
रिपोर्टर सत्येंद्र सैनी