बदायूं में नए अत्याधुनिक साइबर क्राइम थाने का उद्घाटन, डिजिटल अपराधों पर लगेगी लगाम
बदायूं। जनपद में बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चित्रांश नगर में नए अत्याधुनिक साइबर क्राइम पुलिस थाने का उद्घाटन किया गया। थाना का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध एक बड़ी चुनौती बन चुका है। नया साइबर थाना साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नए थाने में तकनीकी रूप से दक्ष पुलिसकर्मियों एवं साइबर विशेषज्ञों की टीम तैनात की गई है। टीम ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, डेटा चोरी सहित विभिन्न साइबर अपराधों की जांच करेगी। आम नागरिक थाने में सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। साइबर अपराध की शिकायत के लिए राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल और हेल्पलाइन 1930 की सुविधा भी उपलब्ध है। उद्घाटन कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सुमेध मिलिंद जाधव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
एके सोनी, संवाददाता बदायूं
सहयोगी: यासीन इदरीसी