आधार सेवाओं के लिए अब भटकने की जरूरत नहीं, रुड़की रोड पर खुला नया अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र
मुजफ्फरनगर और आसपास के निवासियों के लिए राहत की बड़ी खबर है। शहर में आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए अब लोगों को बैंकों या अन्य केंद्रों पर परेशान होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रुड़की रोड स्थित दीपक पैलेस, नानकी हॉस्पिटल के सामने, UIDAI का पहला आधार सेवा केंद्र अब पूरी तरह से सुचारू रूप से काम करने लगा है। यह केंद्र अत्याधुनिक तकनीक से लैस है और यहां का माहौल पासपोर्ट सेवा केंद्र की तर्ज पर तैयार किया गया है, जहाँ हर काम के लिए अलग-अलग स्टाफ तैनात है। रोजाना लगभग 600 आवेदनों को पूरा करने की क्षमता रखने वाले इस केंद्र में नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष रूप से एक हेल्प डेस्क भी बनाई गई है। यहाँ नया आधार बनवाने, पता अपडेट करने, मोबाइल नंबर, ईमेल, फोटो या बायोमेट्रिक अपडेट करने और नाम, लिंग व जन्म तिथि में बदलाव जैसी सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यहाँ किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता, केवल UIDAI द्वारा निर्धारित आधिकारिक शुल्क ही लिया जाता है। यह केंद्र सप्ताह के सातों दिन सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक खुला रहता है और नागरिक UIDAI की वेबसाइट पर अपना अप्वाइंटमेंट बुक करके भी यहाँ आ सकते हैं।
रिपोर्टर: निखिल सैनी, मुजफ्फरनगर