हिंदू राव अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ की कमी को लेकर धरना, 11 अक्टूबर के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी....!
MCD के हिंदू राव अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ की भारी कमी को लेकर नर्सों ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। नर्सिंग स्टाफ के मुताबिक, अस्पताल में 980 बेड के मुकाबले करीब 1,700 नर्सिंग स्टाफ की जरूरत है, लेकिन वर्तमान में महज 64 नर्सिंग कर्मचारी कार्यरत हैं। ऐसे में मौजूदा कर्मचारियों पर काम का अत्यधिक दबाव है और उन्हें कई बार डबल ड्यूटी करनी पड़ रही है। नर्सिंग स्टाफ का आरोप है कि वर्ष 2013 के बाद से अस्पताल में नए कर्मचारियों की पर्याप्त भर्ती नहीं हुई है। दूसरी ओर, लगातार कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिससे स्टाफ की कमी और गंभीर होती जा रही है। उनका कहना है कि परिवार में परेशानी या बीमारी होने के बावजूद छुट्टी लेना मुश्किल हो जाता है। नर्सों ने बताया कि नर्सिंग स्टाफ के प्रमोशन का मुद्दा भी लंबे समय से लंबित है। इसके अलावा अस्पताल में पैरामेडिकल स्टाफ की भी भारी कमी बताई जा रही है। नर्सिंग स्टाफ ने 5 से 11 अक्टूबर तक रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक धरना प्रदर्शन करने का फैसला किया है।कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 11 अक्टूबर तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपना सकते हैं। ऐसी स्थिति में अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।