कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा गोष्ठी, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया विस्तृत जायजा, सम्बन्धित को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश।
मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, दुर्घटनामुक्त एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से आज अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, मेरठ भानु भास्कर द्वारा, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र, सहारनपुर अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा की उपस्थिति में रिजर्व पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर स्थित सभागार कक्ष में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, शाखा प्रभारियों, एलआईयू, कांवड़ सेल, यातायात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के अधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
सर्वप्रथम गार्द द्वारा अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, मेरठ भानु भास्कर महोदय को सलामी दी गयी तत्पश्चात गोष्ठी के दौरान कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत तैयार की गई सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था से संबंधित विस्तृत प्रेजेंटेशन के माध्यम से अधिकारियों को यात्रा मार्ग, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों, डायवर्जन प्लान, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन सर्विलांस, कंट्रोल रूम संचालन, पार्किंग व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, आपातकालीन चिकित्सा सहायता, फायर सेफ्टी तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई साथ ही विगत वर्षों में कांवड़ यात्रा के दौरान घटित दुर्घटनाओं, यातायात संबंधी चुनौतियों, भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था से जुड़े घटनाक्रमों एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं का भी विस्तृत विश्लेषण किया गया। इन घटनाओं से प्राप्त अनुभवों के आधार पर संभावित जोखिमों का आकलन करते हुए आवश्यक निवारक उपायों, सुरक्षा प्रबंधों एवं कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक संवेदनशील बिंदु पर पूर्व से ही प्रभावी एवं ठोस व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को पूर्णतः सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं दुर्घटनामुक्त ढंग से सम्पन्न कराया जा सके।
इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, मेरठ भानु भास्कर महोदय द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं। यात्रा मार्ग का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करें जिससे सम्पूर्ण यात्रा सकुशल, सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त सम्पन्न करायी जा सके। उन्होंने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा उनकी सतत मॉनिटरिंग की व्यवस्था रहे। यात्रा मार्ग पर चेतावनी एवं सांकेतिक बोर्ड स्पष्ट एवं पर्याप्त संख्या में लगाए जाएं। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी बैरिकेडिंग, निर्बाध यातायात प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु समुचित कार्ययोजना तैयार रखी जाए।इसके अतिरिक्त यात्रा मार्ग पर पेयजल, चिकित्सा सहायता, अग्निशमन, विद्युत, नगर निकाय एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने, प्रत्येक अधिकारी को अपने क्षेत्र का नियमित निरीक्षण करते हुए सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने, किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने, सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर सतत निगरानी रखते हुए भ्रामक एवं असत्य सूचनाओं का तत्काल खंडन करने एवं किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये।
बैठक के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र, सहारनपुर अभिषेक सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने तथा कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
रिपोर्टर सत्येंद्र सैनी