INDIA WEATHER
INDIA WEATHER

जिलाधिकारी ने संग्रामगढ़ टोल प्लाजा पहुॅचकर गंगा एक्सप्रेसवे की ली जानकारी

जिलाधिकारी ने संग्रामगढ़ टोल प्लाजा पहुॅचकर गंगा एक्सप्रेसवे की ली जानकारी

डीएम ने स्वयं निर्धारित गति सीमा 120 की स्पीड से गाड़ी चलाकर गंगा एक्सप्रेसवे हाइवे का किया परीक्षण

 प्रतापगढ़। जनपद में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के कार्यों की प्रगति का जायजा लेने हेतु जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी आज संग्रामगढ़ टोल प्लाजा पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य, सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। यूपीड़ा के पीआईओ विजय कुमार ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि गंगा एक्सप्रेसवे का लगभग 98 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा वर्तमान में फिनिशिंग एवं अंतिम चरण के कार्य तीव्र गति से कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा परिसर में आपातकालीन सेवाओं के तहत 2 एंबुलेंस, 1 क्रेन तथा 1 मेडिकल सेंटर की व्यवस्था उपलब्ध है। साथ ही तैनात कर्मचारी नियमित रूप से रूट पेट्रोलिंग करते रहते हैं, जिससे किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा यातायात संबंधी समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जा सके। पीआईओ ने यह भी बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक विस्तृत है। प्रतापगढ़ जनपद में इसकी कुल लंबाई 40 किलोमीटर 700 मीटर है, जो अर्रो गांव से बरबसपुर तक फैली हुई है। एक्सप्रेसवे के पूर्ण होने से क्षेत्रीय आवागमन को नई गति मिलेगी तथा व्यापार, उद्योग और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि कुछ अराजक तत्व एक्सप्रेसवे पर वाहनों से स्टंट कर सोशल मीडिया के लिए रील बनाते हैं तथा मना करने पर भी नियमों का पालन नहीं करते। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि ऐसे तत्वों की पहचान कर तत्काल प्रशासन को सूचित किया जाए, ताकि उनके विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जा सके और एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा एवं अनुशासन कायम रखा जा सके।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने स्वयं गंगा एक्सप्रेसवे पर लगभग 15 किलोमीटर तक निर्धारित गति सीमा 120 की स्पीड से वाहन चलाकर सड़क की गुणवत्ता का परीक्षण किया। परीक्षण के दौरान 1-2 स्थानों पर सड़क की सतह में हल्का उतार-चढ़ाव महसूस किया गया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तकनीकी मानकों के अनुरूप सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गंगा एक्सप्रेसवे जनपद के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है और इसकी गुणवत्ता एवं सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन द्वारा कार्यों की निरंतर निगरानी की जाएगी, ताकि निर्धारित समय सीमा में उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ परियोजना पूर्ण हो सके। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी लालगंज शैलेन्द्र कुमार वर्मा भी उपस्थित रहे।


पत्रकार सूरज सोनी प्रतापगढ़ दिल्ली क्राइम प्रेस