वजीरगंज क्षेत्र के कतगांव स्थित गौशाला की हालत बदहाल, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
वजीरगंज/बदायूं। वजीरगंज क्षेत्र के ग्राम कतगांव स्थित गौशाला की बदहाल स्थिति सामने आई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गौवंशों के लिए समय पर पर्याप्त चारा और जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं, जिससे पशुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने गौशाला में साफ-सफाई, पानी और पशुओं की देखभाल को लेकर भी नाराजगी जताई है।
मामले की जानकारी मिलने पर पत्रकारों की टीम मौके पर पहुंची, जहां गौशाला परिसर में कई अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान पति मुकेश पाल अपने स्तर पर व्यवस्थाएं सुधारने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन संबंधित अधिकारियों की ओर से पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
गौशाला से जुड़े कार्यों में सचिव मनोज कुमार एवं NGO ठेकेदार नवनीत किशन का नाम भी सामने आ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गौशाला का जल्द निरीक्षण कराया जाए और गौवंशों के लिए उचित चारा, पानी तथा चिकित्सा सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि व्यवस्थाएं बेहतर हो सकें।
एके सोनी
संवाददाता, बदायूं (Delhi Crime Press)