सड़क दुर्घटना में शहीद होमगार्ड के परिवार को मिला ₹40 लाख का बीमा चेक, डीएम उमेश मिश्रा ने सौंपी सहायता राशि
मुजफ्फरनगर: पंजाब नेशनल बैंक (PNB) द्वारा सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए होमगार्ड स्वर्गीय श्री अर्जुन के आश्रित परिवार को ₹40 लाख की बीमा धनराशि का चेक प्रदान किया गया। जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा ने यह चेक स्वर्गीय अर्जुन की माता श्रीमती मौसम देवी को सौंपा। स्वर्गीय श्री अर्जुन होमगार्ड के रूप में कार्यरत थे और उनका वेतन खाता पंजाब नेशनल बैंक में था। पीएनबी के सैलरी अकाउंट की विशेष सुविधा के तहत खातेदार की असामयिक मृत्यु पर 40 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध कराया जाता है। इसी क्लेम के तहत यह राशि प्रदान की गई है। चेक प्रदान करते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने शोकाकुल परिवार से बातचीत की और इस धनराशि का सही एवं विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि स्वर्गीय अर्जुन की बेटी के सुरक्षित भविष्य के लिए इस धनराशि में से ₹20 लाख की एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) बच्ची के नाम से कराई जाए। उन्होंने बैंक अधिकारियों को इस प्रक्रिया को जल्द से जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख श्री राजिंदर पाल, उप मंडल प्रमुख श्री आर एल दास तथा होमगार्ड्स की जिला कमांडेंट श्रीमती अंकिता श्रीवास्तव मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैंक अधिकारियों ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक अपने वेतन खाताधारकों को कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी वित्तीय सुरक्षा और संबल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएनबी न केवल कर्मचारियों, बल्कि किसानों, महिलाओं और सैनिकों के लिए भी विभिन्न कल्याणकारी बैंकिंग योजनाएं संचालित करता है। —रिपोर्ट: निखिल सैनी, सहयोगी रवि शंकर सैनी
सड़क दुर्घटना में शहीद होमगार्ड के परिवार को मिला ₹40 लाख का बीमा चेक, डीएम उमेश मिश्रा ने सौंपी सहायता राशि
Genral
31/08/2026 03:42 AM 6
X