किसान ने दिखाई ईमानदारी, स्वेच्छा से त्यागी पीएम किसान सम्मान निधि; डीएम उमेश मिश्रा ने की सराहना
मुजफ्फरनगर: जनपद के तहसील खतौली के अंतर्गत आने वाले ग्राम टिटोडा से नागरिक कर्तव्य और ईमानदारी की एक बेहद अनूठी और प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। क्षेत्र के एक जागरूक किसान श्री विक्रम सिंह पुत्र वेदराम ने जनसुनवाई के दौरान एक बड़ा फैसला लेते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ स्वेच्छा से त्याग दिया और इसे जिला प्रशासन को वापस सौंप दिया।किसान विक्रम सिंह की इस अनूठी पहल की मुजफ्फरनगर के जिला अधिकारी उमेश मिश्रा ने दिल से सराहना की है। जिलाधिकारी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से इस प्रेरक प्रसंग को साझा करते हुए कहा, "जनसुनवाई के दौरान किसान विक्रम सिंह द्वारा योजना का लाभ स्वेच्छा से त्याग कर उसे जिला प्रशासन को वापस सौंपना एक अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल है।" जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने किसान के इस कदम को समाज के लिए एक बड़ा संदेश बताया। उन्होंने कहा कि श्री विक्रम सिंह का यह निर्णय पूरी तरह से ईमानदारी, पारदर्शिता और नागरिक कर्तव्य के प्रति उनकी उच्च भावना को दर्शाता है। उनकी यह अनुकरणीय सोच और कदम समाज के अन्य ऐसे सक्षम नागरिकों को भी जनहित में सही निर्णय लेने के लिए निश्चित रूप से प्रेरित करेगा, जो आर्थिक रूप से समृद्ध होने के बावजूद सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं।
रिपोर्ट: निखिल सैनी।