प्रधानों ने एमएलसी हरिओम पांडेय को सौंपा ज्ञापन, निमटनी–कौड़ाही मार्ग के निर्माण की उठी मांग
अम्बेडकरनगर। विकास खंड भियांव अंतर्गत निमटनी से कौड़ाही होते हुए एनएच-233 तक जाने वाले प्रमुख संपर्क मार्ग के निर्माण को लेकर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय को सामूहिक रूप से पत्र सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। प्रधानों का कहना है कि उक्त मार्ग का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अथवा किसी अन्य उपयुक्त योजना के अंतर्गत कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में इस मार्ग के अधिकांश हिस्से पर केवल खड़ंजा बिछा है, जो समय के साथ जर्जर हो चुका है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आवागमन दुश्वार हो गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा राहगीरों, विद्यार्थियों और स्थानीय व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रधानों ने तर्क दिया कि यह मार्ग केवल ग्रामीण संपर्क मार्ग नहीं, बल्कि दो तहसील क्षेत्रों—जलालपुर और आलापुर—को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है। साथ ही यह मार्ग अम्बेडकरनगर और संतकबीरनगर संसदीय क्षेत्रों के बीच आवागमन का भी प्रमुख साधन है। क्षेत्रीय दृष्टि से इसकी उपयोगिता को देखते हुए सड़क का सुदृढ़ीकरण विकास की प्राथमिक आवश्यकता है।
ज्ञापन में यह भी बताया गया है कि इस मार्ग पर कई विद्यालय, धार्मिक स्थल एवं सार्वजनिक संस्थान स्थित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण छात्रों की नियमित उपस्थिति प्रभावित हो रही है और आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न होती है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य माखनलाल निषाद, धर्मेन्द्र कुमार (पूर्व प्रधान), मोहित निषाद (पूर्व प्रधान, निमटनी), रामप्रताप यादव (प्रधान), वंदना (प्रधान), इंद्रावती (प्रधान), प्रमिला यादव, इंद्रकला (प्रधान), प्रमिला यादव (प्रधान) तथा हृदय नारायण (पूर्व प्रधान) सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि क्षेत्रीय विकास और जनसुविधा के मद्देनज़र इस सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाना चाहिए।
ग्राम प्रधानों ने आशा व्यक्त की है कि एमएलसी हरिओम पांडेय संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र ही मार्ग निर्माण की दिशा में ठोस पहल करेंगे, जिससे क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।