बदायूं में परिवहन विभाग का अभियान: 3 ई-रिक्शा व 6 ओवरलोड वाहन सीज, 70 वाहनों के चालान
बदायूं। जिलाधिकारी के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए परिवहन विभाग द्वारा 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ट्रैक्टर-ट्रॉलियों एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाए जा रहे हैं। अभियान के दौरान 52 वाहनों की जांच की गई, जिनमें 14 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और 10 व्यावसायिक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाए गए। वहीं, 3 अनरजिस्टर्ड ई-रिक्शा और 6 ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया। ओवरलोड वाहनों से करीब 2.5 लाख रुपये का शुल्क सरकारी खाते में जमा कराया गया। इसके अलावा हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट न होने, नंबर प्लेट टूटी होने, बीमा और फिटनेस संबंधी खामियों के चलते 70 वाहनों के चालान किए गए। बस यूनियन अध्यक्ष ओंकार सिंह के प्रत्यावेदन पर अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शा और ऑटो स्टैंड के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अनधिकृत रूप से खड़े मिले वाहनों को पुलिस लाइन में खड़ा कराया गया तथा संबंधित स्थान पर "नो पार्किंग" बोर्ड लगवाया गया। परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की फिटनेस, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज समय से अपडेट रखें, रिफ्लेक्टर लगवाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। संयुक्त अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) हरिओम, माल/यात्री कर अधिकारी अभिनव चौधरी, क्षेत्राधिकारी यातायात अनिल अहलावत, यातायात निरीक्षक अजय पाल, परिवहन विभाग के प्रवर्तन कर्मी एवं यातायात पुलिस मौजूद रही।
संवाददाता: ए.के. (पीयूष) सोनी, बदायूं