जन्मदिन की पार्टी में गया युवक लापता, जंगल में मिला शव; 3 दोस्तों पर हत्या का आरोप
23 जुलाई की दोपहर अपने दोस्त जय की जन्मदिन पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला नगलाताशी (कंकरखेड़ा) निवासी 23 वर्षीय रजत अचानक लापता हो गया। माधवपुरम पहुंचने के बाद उसने अपने भाई शुभम को फोन कर मलियाना निवासी राहुल और नितिन से मिलने की बात कही थी, लेकिन जब वह रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की। शुभम का आरोप है कि रजत के फोन पर कॉल करने पर राहुल और नितिन ने फोन उठाकर उनके साथ गाली-गलौज की और कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। 24 जुलाई को परिजनों ने कंकरखेड़ा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने 25 जुलाई को जय, राहुल और नितिन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इसी बीच रविवार सुबह पेपला इंदिरापुर गांव के पास जंगल में रेल पटरी के गड्ढे में एक युवक का शव मिलने की सूचना पर जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उसकी पहचान रजत के रूप में हुई। रजत के शरीर पर चोट के गंभीर निशान थे और उसके कपड़े फटे हुए थे। परिजनों ने तीनों दोस्तों पर रजत का अपहरण कर हत्या करने और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को जंगल में फेंकने का आरोप लगाया है। वहीं, प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह का कहना है कि तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्टर शाहिद हसन
सहयोगी अनुज गुप्ता

